हेमंत बघेल
कसडोल। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छरछेद स्थित मॉडर्न स्कूल के सामने शुक्रवार शाम करीब 4 बजे बुलेट और साइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही कसडोल डायल-112 की टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची। डायल-112 में तैनात आरक्षक आशुतोष बंजारे एवं वाहन चालक केशव प्रसाद साहू ने बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसडोल पहुंचाकर भर्ती कराया।

पुलिस के अनुसार, हादसे में साइकिल चालक मनमोहन केवट (50 वर्ष) निवासी ग्राम छरछेद के सिर एवं शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह घटनास्थल पर ही बेहोश हो गए। वहीं बुलेट क्रमांक CG 13 BD 4885 के चालक धीरज भोई, निवासी ग्राम छिछोर उमरिया, ब्लॉक पुसौर, जिला रायगढ़ के बाएं कंधे में गंभीर फ्रैक्चर हुआ और वे दर्द से तड़प रहे थे।

घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डायल-112 टीम ने स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से दोनों को सावधानीपूर्वक सरकारी वाहन में बैठाकर तत्काल सीएचसी कसडोल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। घटना की सूचना थाना कसडोल पुलिस को भी दे दी गई है, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




