हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। थाना चांपा पुलिस ने मालवाहक ट्रकों से डीजल चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी ड्राइवर को लगभग 10 माह बाद पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत सिंह (55 वर्ष) निवासी ग्राम ढाडे, थाना इस्लामाबाद, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आर्शीवाद बिल्टकॉन ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के मुंशी मोहित सेठी ने 3 अक्टूबर 2025 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कंपनी के दो ट्रक 26 सितंबर 2025 को जयरामनगर से छुरी के लिए रवाना हुए थे, लेकिन अगले दिन दोनों वाहनों की लोकेशन हथनेवरा चौक स्थित एक ढाबे के पास मिली और दोनों चालकों के मोबाइल बंद थे।
30 सितंबर 2025 को मौके पर पहुंचने पर दोनों ट्रकों की डीजल टंकियों के ताले टूटे मिले। ट्रकों से करीब 577 लीटर डीजल, जिसकी कीमत लगभग 54 हजार रुपये थी, चोरी हो चुका था। साथ ही ट्रकों के टायर भी बदल दिए गए थे। इस मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 451/2025 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान फरार आरोपी रंजीत सिंह के अमृतसर में होने की सूचना मिलने पर चांपा पुलिस की टीम पंजाब रवाना हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि इस मामले का दूसरा आरोपी राजू सिंह (26 वर्ष) निवासी चांविंदा देवी, थाना मंजिठा, जिला अमृतसर (पंजाब) की मृत्यु हो चुकी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल दिवाकर तथा आरक्षक प्रकाश द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




