हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर ₹2.04 करोड़ से अधिक की ठगी करने वाले पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नया रायपुर से दबोचते हुए उनके कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, चांपा निवासी हेमदत्त केशरवानी ने 24 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता और उनकी पत्नी रेखा गुप्ता से थी। दोनों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया। इस झांसे में आकर प्रार्थी सहित कई लोगों ने चेक और आरटीजीएस के माध्यम से कुल ₹2,04,97,502 आरोपियों के खाते में जमा कर दिए।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने निवेशकों को केवल ₹39,99,400 वापस किए, जबकि शेष राशि लौटाने में लगातार टालमटोल करते रहे और अंततः करोड़ों रुपये का गबन कर लिया।
प्रकरण दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलते रहे। थाना चांपा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर नया रायपुर में दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी
हरिशंकर गुप्ता (43 वर्ष)
रेखा गुप्ता (42 वर्ष)
दोनों मारुति विहार कॉलोनी, चांपा, जिला जांजगीर-चांपा के निवासी हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, आदित्य प्रताप सिंह एवं थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




