गोबर्धन यदु
तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के निर्देश तथा जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष के आदेश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिल्दा ग्रामीण एवं शहर के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस भवन तिल्दा-नेवरा में विरोध प्रदर्शन किया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे कांग्रेस भवन में एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तीन प्रमुख मांगें रखीं। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की गई। साथ ही नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं एवं व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में तत्काल चर्चा कराने की मांग उठाई गई, ताकि लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय की जा सके।
कांग्रेस नेताओं ने नई दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों, छात्राओं एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर तथा अन्य आपराधिक मामलों को तत्काल वापस लेने की भी मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मामलों में केंद्र सरकार को पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए तथा परीक्षा प्रणाली में विश्वास बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
इस अवसर पर पूर्व पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, पूर्व सिंधी अकादमी अध्यक्ष राम गिड़लानी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिल्दा ग्रामीण अध्यक्ष बलदाऊ साहू, तिल्दा शहर अध्यक्ष अजितेश शर्मा, सुनील सोनी, जितेन्द्र सेन, दिलीप देवांगन, गोवर्धन यदु, अनूप रवानी, हरी मारकंडे, देव कुमार वर्मा, हेमलाल साहू, द्वारिका शर्मा, दिनेश सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




