हेमंत बघेल
कसडोल। विधायक संदीप साहू ने गुरुवार रात करीब 9 बजे अपने समर्थकों के साथ कसडोल थाना पहुंचकर क्षेत्र में कथित अवैध वसूली के विरोध में थाना का घेराव किया। इस दौरान उन्होंने यातायात चेक पोस्ट और विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पुलिस चेकिंग पॉइंट्स के कारण आम लोगों को हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाया।
विधायक संदीप साहू ने आरोप लगाया कि यातायात पुलिस चालान के नाम पर आम नागरिकों और किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय खेती-किसानी का है और किसान खाद, बीज व अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए कसडोल नगर आते हैं। ऐसे समय में उन्हें बार-बार रोककर चालानी कार्रवाई करना उचित नहीं है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रेत से जुड़े वाहनों को कथित रूप से पैसे लेकर छोड़ा जाता है, जबकि आम लोगों और बाइक चालकों पर सख्ती दिखाई जाती है। विधायक ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन निर्दोष किसानों और आम नागरिकों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
थाना परिसर में विधायक और उनके समर्थकों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आम जनता को इसी तरह परेशान किया जाता रहा तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
इनका कहना
कसडोल थाना प्रभारी प्रवीण मिंज ने विधायक द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा, “जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, वे बेबुनियाद हैं। यातायात पुलिस लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसके अलावा समय-समय पर लोगों को यातायात नियमों का पालन कराने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाता




