ब्रेकिंग न्यूज़ बलौदाबाजार हथबंद में दर्दनाक हादसा, 7 वर्षीय मासूम की मौत
स्कूल का मुख्य द्वार गिरने से 7 वर्षीय मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम
हथबंद/सिमगा। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल हथबंद में बड़ा हादसा सामने आया है। स्कूल का लोहे का मुख्य द्वार अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 7 वर्षीय बालक शिवम यादव की दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक शिवम यादव, पिता नन्ही यादव, निवासी रतनपुर जिला बिलासपुर बताया गया है। वह तीज पर्व के अवसर पर हथबंद में अपनी बड़ी मां के घर आया हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सिमगा अतुल शेटे तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के बाद एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल के मुख्य द्वार का कॉलम पिछले करीब तीन माह से खराब था। समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।
घटना के बाद शाला प्रबंधन द्वारा मृतक परिवार को 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई, जबकि कलेक्टर कुलदीप शर्मा द्वारा 50 हजार रुपये की अंतरिम सहायता राशि स्वीकृत की गई।
ग्रामीणों और पालकों में शाला प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जवाबदेही तय करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हथबंद थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा भेज दिया है।










































