हेमंत बघेल
बलौदाबाजार । जिला प्रशासन की त्वरित और संवेदनशील पहल से आंध्रप्रदेश की एक ऑयल फैक्ट्री में कथित रूप से बंधक बनाकर रखे गए जिले के 9 मजदूरों की सकुशल घर वापसी हो गई। सोमवार को सभी मजदूरों ने कलेक्टर कुलदीप शर्मा से मुलाकात कर सुरक्षित वापस लाने के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार, तहसील सोनाखान के ग्राम सोनपुर निवासी संत कुमार रात्रे ने जिला प्रशासन को आवेदन देकर बताया था कि करीब दो माह पहले उनका परिवार और अन्य ग्रामीण रोजगार की तलाश में आंध्रप्रदेश के रेनीगुंटा स्थित एक ऑयल फैक्ट्री में मजदूरी करने गए थे। वहां उन्हें मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा था और जबरन रोककर प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जिला प्रशासन ने आंध्रप्रदेश प्रशासन और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर सभी मजदूरों को सुरक्षित मुक्त कराया और उन्हें उनके गृह जिला बलौदाबाजार-भाटापारा वापस लाया गया।
सुरक्षित वापसी के बाद प्रशासन ने सभी मजदूरों से चर्चा कर उनकी स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।




