हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। मूसलाधार बारिश के बीच पलारी डायल-112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जहर सेवन करने वाले एक युवक की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। ग्राम सिसदेवरी में अज्ञात कारणों से युवक द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने की सूचना मिलते ही डायल-112 (बाज-01) की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पलारी पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही आरक्षक राहुल ध्रुव और वाहन चालक हेमंत कुमार दुबे तेज बारिश के बावजूद तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर युवक की हालत गंभीर मिली। पुलिस टीम ने परिजनों की मदद से उसे डायल-112 वाहन में बैठाकर सायरन बजाते हुए सीएचसी पलारी पहुंचाया।
डॉक्टरों ने समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण तुरंत उपचार शुरू किया, जिससे युवक को समय रहते चिकित्सकीय सहायता मिल सकी। फिलहाल उसकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।
डायल-112 टीम की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की परिजनों, ग्रामीणों एवं अस्पताल स्टाफ ने सराहना की है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तनाव या परेशानी की स्थिति में आत्मघाती कदम न उठाएं। अपनी समस्या परिवार, मित्रों या भरोसेमंद लोगों से साझा करें तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल डायल-112 पर संपर्क करें।




