हेमंत बघेल
बलौदाबाजार । शहर में धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो असामाजिक तत्वों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लोहे की धारदार तलवार और एक धारदार कटार (छुरा) जब्त की है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2:40 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि रायपुर रोड स्थित देशी-विदेशी शराब दुकान के पास दो युवक हाथों में तलवार और कटार लेकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं।

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हथियार सहित पकड़ लिया। तलाशी के दौरान असीम डहरिया के पास से 8.2 इंच लंबी लोहे की धारदार तलवार तथा ईश्वर यादव के पास से एक धारदार कटार (छुरा) बरामद हुई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 629/2026 दर्ज कर धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जिले में सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




