हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह के फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना सारागांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम 2,500 रुपये बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अशोक लाठिया निवासी खोखरा अपने एक साथी के साथ 16 जुलाई 2026 को बढ़ई का काम करने सारागांव आया था। शाम को काम खत्म होने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में अंजली फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के बाद करीब 100 मीटर आगे बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दोनों को घायल कर दिया और दो मोबाइल फोन तथा 5 हजार रुपये नकद सहित लगभग 25 हजार रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना सारागांव में अपराध दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पहले ही दो आरोपी महेन्द्र कुमार धारिया और सूर्यकांत बरेठ, निवासी डेरागढ़ (थाना बाराद्वार, जिला सक्ती) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था।
इसी मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी उदय सिदार (19 वर्ष) निवासी डुमरपारा, बाराद्वार, जिला सक्ती को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसके कब्जे से लूट की रकम 2,500 रुपये बरामद की गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी एवं थाना सारागांव के पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका बताई।




