गोवर्धन यदु
तिल्दा-नेवरा । ब्लॉक के ग्राम पंचायत सरोरा में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से पंचायत भवन में ग्रामीणों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने एकमत होकर गांव में अवैध शराब की बिक्री पूरी तरह बंद कराने का निर्णय लिया।

बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि गांव में यदि कोई व्यक्ति अवैध शराब की बिक्री करता या शराब का सेवन कर उत्पात मचाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही गांव में अवैध शराब पर निगरानी रखने के लिए महिला कमांडो ग्रुप के गठन का भी प्रस्ताव रखा गया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री होने से सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। शराब के कारण आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है और शराब बेचने वालों की दबंगई से लोग परेशान हैं। शराब पीने वाले स्कूल परिसर एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब की बोतलें फोड़ देते हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों ने चिंता जताई कि गांव के बच्चे और युवा भी नशे की चपेट में आते जा रहे हैं। इसे रोकने के लिए सभी ने मिलकर अवैध शराब बिक्री के खिलाफ अभियान चलाने और प्रशासन से भी सख्त कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया।
बैठक में सरपंच उमेश्वरी विश्राम साहू, उपसरपंच बसंत सिंह विनोद, पंच दयानंद चतुर्वेदी, उमा कुर्रे, इंदु शेखर शर्मा, सरोजनी यदु, माहेश्वरी पाल, मनोज यादव, ताराचंद पाल, जितेंद्र वर्मा, रति देवी, यकिता साहू, उमा सिन्हा, नारायण यदु, चंद्र कुमार, जयनारायण यदु, ओमप्रकाश, प्रमिला साहू, सती निषाद, संगीता वर्मा, अनीता यदु, रुक्मणी, महेश्वरी, मीना, पुनीता, वेणु, यशोदा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।




