हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा । जिले की अकलतरा पुलिस ने जेएसडब्ल्यू प्लांट से कॉपर प्लेट चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे तीन आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, जेएसडब्ल्यू अकलतरा के सुरक्षा अधिकारी ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि प्लांट परिसर में पेट्रोलिंग के दौरान कुछ संदिग्ध लोग कॉपर प्लेट निकालते हुए दिखाई दिए। सुरक्षा टीम के पहुंचते ही तीन-चार आरोपी मौके से भागने लगे, जबकि एक आरोपी जलेश्वर प्रसाद केवट (30 वर्ष), निवासी बनाहिल, थाना अकलतरा को मौके पर पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से कॉपर के 38 टुकड़े बरामद किए गए थे। उसे पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
मामले में फरार चल रहे आरोपी संतोष रजक (निवासी जेवरा, थाना मुलमुला), दिनेश राठौर (निवासी सिघनसरा, थाना सक्ती) तथा गोपेश कुमार साहू (निवासी तनौद, थाना शिवरीनारायण) की तलाश कर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की कॉपर प्लेट बसंत नायक, निवासी तरौद, थाना अकलतरा को बेचने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने बसंत नायक के घर की तलाशी ली, जहां से चोरी की कॉपर प्लेट बरामद हुई। चोरी का सामान खरीदने के आरोप में बसंत नायक (42 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा एवं थाना अकलतरा पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।




