हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले के थाना मुलमुला पुलिस ने JSW प्लांट नरियरा में तांबा तार चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए कंपनी में कार्यरत एक सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 7 किलो 500 ग्राम तांबा तार बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, JSW नरियरा के साइड मैनेजर अनिल कुमार रेड्डी ने थाना मुलमुला में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे पेट्रोलिंग के दौरान सेपको क्रेन एरिया में रखा लगभग 7.5 किलो तांबा तार, जिसकी कीमत करीब 7,500 रुपये बताई गई, गायब मिला। जांच के दौरान ड्यूटी पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड आशाराम नारंगे पर संदेह होने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
शिकायत के आधार पर थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 298/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने तांबा तार को ग्राम नरियरा स्थित एक कुएं के पास छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया तांबा तार बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशाराम नारंगे (29 वर्ष), निवासी ग्राम डोंगाकोहरौद, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, सहायक उपनिरीक्षक हेमलाल महिलांगे एवं थाना मुलमुला पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




