हेमंत बघेल
कसडोल। विधानसभा क्षेत्र के विधायक संदीप साहू से सोमवार को उनके निवास पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान क्षेत्र के विकास कार्यों, जनसमस्याओं तथा आगामी विकास योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ विभिन्न पंचायतों और गांवों से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में विधायक संदीप साहू ने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में आम जनता की समस्याओं की जानकारी ली और कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद बनाए रखने तथा उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विधायक के समक्ष अपने सुझाव और मांगें रखीं। विधायक ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में कई नई विकास योजनाओं को भी गति दी जाएगी।
बैठक का माहौल सौहार्दपूर्ण रहा और संगठन को अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ जनता के बीच सक्रिय रहने पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर राज साहू, हितेश बंजारे, विजय साहू, सुमित गिरी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दयाराम वर्मा, योगेश बंजारे, चंदन साहू कमलेश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










































