हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले के बम्हनीडीह और नवागढ़ थाना क्षेत्र के तीन प्रमुख मंदिरों में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों और एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को पकड़कर चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात से एक दिन पहले मंदिरों की रेकी कर चोरी की योजना बनाई थी। उन्होंने बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर, ग्राम महत के चंडी दाई मंदिर और ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर को निशाना बनाया। चोरी में चांदी के छत्र, मुकुट, चक्र, सोने के आभूषण, दान पेटी और नगदी सहित कुल 16 लाख 60 हजार रुपये का सामान चोरी किया गया था।
जांच के दौरान साइबर टीम और पुलिस ने घटनास्थलों से लेकर आरोपियों के संभावित आने-जाने वाले मार्गों के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदिग्ध मोटरसाइकिल की पहचान होने के बाद साइबर तकनीक और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान, ताला काटने में इस्तेमाल किया गया इलेक्ट्रॉनिक कटर और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लाखों रुपये के कर्ज में डूबे होने के कारण चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए मजबूर हुए।
गिरफ्तार आरोपी:
प्रशांत पटेल (23 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
प्रभात पटेल (18 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
परमानंद पटेल (25 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क के मार्गदर्शन में साइबर थाना, नवागढ़ एवं बम्हनीडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।










































