हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए जांजगीर-नैला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस एवं प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नैला अग्रसेन भवन के सामने स्थापित होने वाली मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कलेक्टर जांजगीर-चांपा एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क तथा ADM ज्ञानेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में मां दुर्गा उत्सव समितियों के साथ विशेष समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नवरात्रि के दौरान पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस एवं प्रशासन ने उत्सव समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आयोजन के दौरान प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की।
पुलिस-प्रशासन का उद्देश्य है कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और शहर में आवागमन सुचारू बना रहे। भीड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
बैठक में SDM जांजगीर, CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, CMO नगर पालिका जांजगीर-नैला, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










































