हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार धम्मशील गणवीर के निर्देशानुसार वन परिक्षेत्र बलदाकछार में परिक्षेत्र स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करने का जनआंदोलन है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक सं
रक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, वन प्रबंधन समितियों, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता से ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकता है।
पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी पर दिया जोर
वन महोत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने, जलवायु संतुलन बनाए रखने तथा प्रकृति संरक्षण में जनभागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों और ग्रामीणों को बताया गया कि केवल वृक्षारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को प्रकृति संरक्षण के अभियान से जोड़ने का प्रयास किया गया।
गौठान में किया गया पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान ग्राम अर्जुनी (ब) स्थित गौठान में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विभिन्न स्थानीय एवं उपयोगी प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, वन प्रबंधन समितियों के सदस्यों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के लिए सक्रिय सहभागिता का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी बलौदाबाजार सुश्री एकता कर सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा बलदाकछार वन परिक्षेत्र अंतर्गत आने वाले जनपद सदस्य, सरपंचगण, वन प्रबंधन समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी और ग्रामीणजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए।










































