हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। बलौदा थाना पुलिस ने महावीर कोलवासरी में 19.75 टन कोयला गबन के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में पूर्व में एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
जानकारी के अनुसार, महावीर कोलवासरी में कार्यरत राज कुमार मिश्रा ने 28 दिसंबर 2024 को थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कुसमुंडा खदान से कोयला लेकर पहुंचे दो ट्रकों की तौल के दौरान अनियमितता की आशंका हुई। ड्यूटी पर तैनात गार्ड और कोल यार्ड सुपरवाइजर को दोनों वाहनों में कोयले की मात्रा कम होने का संदेह हुआ।
जांच के दौरान सामने आया कि नाइट शिफ्ट में तैनात ठेका कर्मचारी एवं कांटा बाबू ईश्वरी प्रसाद पटेल ने संबंधित ट्रकों का वास्तविक वजन किए बिना अन्य वाहनों का ग्रॉस वजन दर्ज कर कांटा पर्ची जारी कर दी थी। इसके बाद दोनों वाहनों को अनलोडिंग के लिए कोल यार्ड भेज दिया गया।
अनलोडिंग के दौरान कोयले की मात्रा कम पाए जाने पर दोनों ट्रकों का दोबारा वजन कराया गया। पुनः तौल में एक वाहन में 7.05 टन और दूसरे वाहन में 12.70 टन कोयला कम पाया गया। इस तरह कुल 19.75 टन कोयले की कमी सामने आई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई।
मामले में थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 02/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे।
फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
राकेश कुमार यादव उर्फ सीट, पिता संतराम यादव, उम्र 24 वर्ष
जावेद खान, पिता शरीफ खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी पाली, चौकी नैला
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सउनि रामदुलार साहू, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।










































