हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ीदहला में आगामी 17 अगस्त को नागपंचमी पर्व के अवसर पर लगने वाले विशाल मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस द्वारा भीड़ नियंत्रण, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में नवपदस्थ ASP जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क ने 12 अगस्त को स्वयं पोड़ीदहला पहुंचकर मेला स्थल और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने संभावित भीड़भाड़ वाले स्थानों की जानकारी लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

ASP डॉ. यूलैंडन यार्क ने मेला आयोजन समितियों एवं पहाड़ी मित्रों से चर्चा कर श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और शांति व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की।
युवाओं और अभिभावकों से विशेष अपील
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले मेले में हाथ में चूड़ा या कड़ा पहनकर न आएं, ताकि किसी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।
वहीं अभिभावकों से अपील की गई है कि वे नाबालिग बच्चों को भीड़भाड़ वाले मेले में अकेले न भेजें और उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से शांति एवं अनुशासन बनाए रखने, मेला समिति और पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य नागपंचमी मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराना है।










































