हेमंत बघेल
भाटापारा। ग्रामीण पुलिस ने नकली मोबिल ऑयल एवं अन्य लुब्रिकेंट उत्पादों की बिक्री के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ग्राम अर्जुनी स्थित जय जगन्नाथ यूरिया पानी एवं ग्रिसिंग सेंटर से टाटा मोटर्स और गल्फ ऑयल के नाम से तैयार किए गए 246 सीलबंद डिब्बे, जिनकी कुल कीमत करीब 4 लाख 30 हजार 500 रुपये बताई गई है, जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को EIPR India Pvt. Limited के अधिकृत प्रतिनिधि शनि घोष ने थाना भाटापारा ग्रामीण में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम अर्जुनी स्थित उक्त सेंटर में कंपनी के टाटा मोटर्स एवं गल्फ ऑयल ब्रांड के नकली उत्पादों की बिक्री किए जाने की सूचना मिली है।
सूचना के आधार पर भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच एवं आवश्यक साक्ष्य संकलन किया। प्रथम दृष्टया मामला सामने आने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 451/2026 दर्ज कर कॉपीराइट एक्ट की धारा 63, 65, ट्रेडमार्क अधिनियम की धारा 104 तथा BNS की धारा 318(4), 347, 349 और 350(2) के तहत कार्रवाई शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी दिनेश रजक, पिता अशोक रजक, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम मुढ़ीपार (रवान), थाना सिटी कोतवाली को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

246 डिब्बे जब्त
पुलिस ने मौके से टाटा मोटर्स के नाम से तैयार 20 लीटर के डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड के 149 सीलबंद डिब्बे तथा गल्फ ऑयल लुब्रिकेंट DEF के 97 सीलबंद डिब्बे बरामद किए। दोनों को मिलाकर कुल 246 डिब्बे जब्त किए गए, जिनकी कीमत ₹4,30,500 बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी निजी आर्थिक लाभ के उद्देश्य से वास्तविक उत्पादों से मिलती-जुलती पैकेजिंग और ब्रांड नाम वाले नकली उत्पादों की बिक्री कर रहा था। इससे ग्राहकों में वास्तविक और नकली उत्पाद को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न होने तथा संबंधित कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचने की संभावना थी।
भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने मामले में आरोपी की गिरफ्तारी, नकली उत्पादों की जब्ती और आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस की अपील
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी ब्रांड के नकली या संदिग्ध उत्पादों की बिक्री अथवा भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने उपभोक्ताओं से भी उत्पाद खरीदते समय पैकेजिंग एवं उसकी प्रामाणिकता की जांच करने की अपील की है।










































