हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। थाना बलौदा क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते घर के एक कमरे में आग लगाकर राशन, कपड़े, कूलर, सिलाई मशीन, नगदी रकम सहित अन्य सामान जलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामला पहरीपारा खिसोरा का है। प्रार्थी धीनकराम खुंटे ने 10 अगस्त 2026 को थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी पुत्री एवं बहू के साथ खेत में मजदूरी करने गया था। इसी दौरान सूचना मिली कि उसके पुत्र अमरलाल खुंटे ने घर के एक कमरे में आग लगा दी है।
घर पहुंचने पर कमरे में आग लगी हुई थी और सामान जल रहा था। आग बुझाने के प्रयास के बावजूद कमरे में रखा राशन, चावल, गेहूं, कपड़े, कूलर, सिलाई मशीन, नगदी रकम सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 377/2026, धारा 326(छ) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना बलौदा पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर अमरलाल खुंटे (34 वर्ष), पिता धीनकराम खुंटे, निवासी पहरीपारा खिसोरा, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने तथा अपराध घटित करना पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, PSI ओमकार वर्मा तथा आरक्षक लखेश विश्वकर्मा, संदीप सोनंत एवं लाखेश विश्वकर्मा का सराहनीय योगदान रहा।










































