हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। थाना मुलमुला क्षेत्र के बनाहिल स्थित लड्डू गोपाल राइस मिल परिसर के डामर प्लांट से केबल वायर चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने करीब 75 हजार रुपये कीमत का चोरी का केबल वायर बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मुकेश केडिया ने थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे मिल के चौकीदार ने फोन कर सूचना दी कि कुछ लोग राइस मिल परिसर स्थित डामर प्लांट के ऑफिस में चोरी करने के लिए घुसे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुलमुला पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बनाहिल चौक के पास घेराबंदी कर संदेही प्रकाश केवट एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया।
पूछताछ में प्रकाश केवट उर्फ गबरू केवट, उम्र 19 वर्ष, निवासी बनाहिल, थाना मुलमुला, ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 316/2026, धारा 331(4), 305(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक पारस पटेल, सउनि नजीर हुसैन, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, रूद्र कश्यप सहित थाना मुलमुला पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।










































