हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बलौदाबाजार से चोरी हुई करीब 6.50 लाख रुपये कीमत की वर्ना कार को पंजाब के मोगा से बरामद किया है। मामले में पंजाब निवासी तीन शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने लवन रोड स्थित कृषि यंत्र रिपेयरिंग दुकान में काम करने के बहाने कार मालिक की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।
ऐसे दिया चोरी की वारदात को अंजाम
दिनांक 22 और 23 अगस्त 2026 की दरमियानी रात आरोपियों ने दुकान के बाहर खड़ी वर्ना कार क्रमांक CG 09 JL 2169 को निशाना बनाया। आरोपियों ने पहले लोहे की सांकल को भारी लोहे की रॉड और हथौड़े से तोड़ा। इसके बाद कार का लॉक तोड़कर इग्निशन से छेड़छाड़ की और कार लेकर फरार हो गए।
चोरी के बाद आरोपी बिलासपुर, प्रयागराज और दिल्ली होते हुए पंजाब पहुंचे। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने रास्ते में अपने मोबाइल फोन तक बेच दिए थे।
साइबर सेल ने 1500 किलोमीटर दूर खोज निकाली लोकेशन
कार चोरी की शिकायत मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। संदिग्धों की धुंधली तस्वीर मिलने के बाद साइबर सेल की टेक्निकल टीम ने सैकड़ों संदिग्ध मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया।
लगातार बदल रही लोकेशन का पीछा करते हुए पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची। उनकी लोकेशन छत्तीसगढ़ से करीब 1500 किलोमीटर दूर पंजाब के मोगा शहर में मिली।
इसके बाद बलौदाबाजार पुलिस और साइबर सेल की विशेष टीम पंजाब रवाना हुई। मोगा पुलिस के सहयोग से जीरा रोड नई मंडी क्षेत्र में घेराबंदी की गई। चोरी की कार के लिए ग्राहक तलाशने पहुंचे तीनों आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया।
₹6.50 लाख की कार समेत हथियारनुमा औजार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की वर्ना कार, घटना में इस्तेमाल दो लोहे के हथौड़े और एक लोहे की रॉड बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—
गोविंदा पिता रंजीत सिंह, उम्र 33 वर्ष, निवासी लंडेके, थाना मोगा सिटी, जिला मोगा, पंजाब।
रमन कुमार पिता मंगलदास, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम जलालाबाद पूर्वी, थाना धर्मकोट, जिला मोगा, पंजाब।
सुखप्रीत सिंह पिता दिलदार सिंह, निवासी लंडेके, थाना मोगा सिटी, जिला मोगा, पंजाब।
तीनों आरोपियों को पंजाब न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर बलौदाबाजार लाया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों को बलौदाबाजार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की तकनीकी टीम की अहम भूमिका रही।










































