गोवर्धन यदु
तिल्दा-नेवरा। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के अंतर्गत आयोजित 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय शालेय जूनियर वर्ग खो-खो प्रतियोगिता में ग्राम सरारीडीह के दो होनहार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। प्रतियोगिता का आयोजन 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक रायगढ़ जिले में किया गया।

ग्राम सरारीडीह के आर.एस. योद्धा क्लब से जुड़े किशन साहू, पिता सोमित साहू एवं कृष्णा साहू, पिता चंद्रप्रकाश साहू (उपसरपंच) का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से गांव एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
जिला पंचायत रायपुर की सभापति एवं भाजपा महिला मोर्चा रायपुर ग्रामीण की महामंत्री श्रीमती स्वाति वर्मा ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं का राज्य स्तर तक पहुंचना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। सरारीडीह के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
श्रीमती स्वाति वर्मा ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सरारीडीह की धरती से निकल रही ये खेल प्रतिभाएं आने वाले समय में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करें, यही उनकी शुभकामना है।










































