हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। ग्राम पंचायत परसाभदेर में 174.41 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्वसुविधायुक्त नवीन जिला परिवहन कार्यालय भवन का सोमवार को परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया। इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

लोकार्पण के बाद परिवहन मंत्री केदार कश्यप और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ नवनिर्मित कार्यालय भवन के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। मंत्री ने भवन के गुणवत्तापूर्ण निर्माण की सराहना करते हुए आम लोगों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
सोनबरसा जंगल सफारी को मिलेगी नई सुविधाएं
कार्यक्रम के दौरान परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने सोनबरसा जंगल सफारी के लिए 4 नई जिप्सी उपलब्ध कराने तथा सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा की।

मंत्री कश्यप ने कहा कि जन आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में परिवहन कार्यालयों को आधुनिक बनाया जा रहा है। आने वाले समय में परिवहन से संबंधित कार्यों को डिजिटल किया जाएगा, जिससे लोगों को घर बैठे सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने बताया कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में करीब 2 लाख 14 हजार वाहन पंजीकृत हैं।

बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देने पर जोर
परिवहन मंत्री ने स्कूली बच्चों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने के मामले में अभिभावकों से बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देने की अपील की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने राहवीर योजना के तहत दुर्घटना पीड़ितों को डेढ़ लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलने की जानकारी भी दी।
मंत्री ने जिले के पांच पैक्स में परिवहन सुविधा केंद्र संचालित होने और अब तक 572 लर्निंग लाइसेंस जारी किए जाने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि पैक्स में अब केवल धान खरीदी ही नहीं, बल्कि अन्य सुविधाएं और कार्य भी संचालित किए जाएंगे।
जल्द मिलेगी वाहन टेस्ट की सुविधा
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने नवीन जिला परिवहन कार्यालय भवन के लिए बधाई देते हुए कहा कि भवन की स्वीकृति के करीब पौने दो साल में ही सर्वसुविधायुक्त कार्यालय का निर्माण पूरा हो गया है। उन्होंने बताया कि जिले में जल्द ही वाहन टेस्ट की सुविधा भी शुरू होने जा रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा विभिन्न वर्गों के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं और पात्र हितग्राहियों को इन योजनाओं का लाभ लेना चाहिए।
लाइसेंस, हेलमेट और बुजुर्गों को बस पास वितरित
कार्यक्रम के दौरान 5 वाहन स्वामियों को लाइसेंस, 5 लोगों को हेलमेट तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के 10 बुजुर्गों को निःशुल्क बस पास वितरित किए गए।
नवीन कार्यालय परिसर में हुआ वृक्षारोपण
सेवा संकल्प अभियान के तहत एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत नवीन जिला परिवहन कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। परिवहन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, प्रमोद शर्मा, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, अपर आयुक्त परिवहन डी. रविशंकर, मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त मणीवासन, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी गौरव राय, डीएफओ पंकज कमल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।










































