हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले की सिमगा पुलिस ने ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जा रहे थे। आरोपियों के कब्जे से 30 किलो 430 ग्राम गांजा, दो कार और छह मोबाइल फोन सहित कुल ₹25,41,500 की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय (भा.पु.से.) के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, महासमुंद और बिलासपुर पुलिस के साथ अंतर-जिला समन्वय एवं खुफिया सूचना के आधार पर तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

पायलट कार से कर रहे थे रेकी
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली कि सफेद स्विफ्ट कार क्रमांक UP70 GE 3782 में गांजा भरकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। तस्करी में शामिल गिरोह पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए स्विफ्ट कार के आगे बलेनो कार क्रमांक UP70 GN 5538 को पायलट वाहन के रूप में चला रहा था।
सूचना के आधार पर सिमगा ओवरब्रिज और एनएच-130 पर नाकेबंदी की गई। पुलिस को देखकर दोनों वाहनों के चालकों ने रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान ग्राम दामाखेड़ा में खुशी वाटिका के पास स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों में सवार सात आरोपियों को पकड़ लिया।
पहचान की आड़ में बचने का प्रयास
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों में से एक व्यक्ति स्थानीय स्तर पर पत्रकार के सहायक के रूप में जुड़ा हुआ था, जबकि दूसरा कथित ग्रामीण चिकित्सक के रूप में काम करता था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने अपनी पहचान और संपर्कों की आड़ में जांच से बचने का प्रयास किया। मामले में तस्करी के नेटवर्क, सप्लायरों और संभावित खरीदारों के संबंध में आगे जांच की जा रही है।
25.41 लाख रुपये की सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्न सामग्री जब्त की है:
गांजा: 30 किलो 430 ग्राम, अनुमानित कीमत ₹15,21,500।
स्विफ्ट कार: अनुमानित कीमत ₹3,50,000।
बलेनो कार: अनुमानित कीमत ₹6,00,000।
छह एंड्रॉइड मोबाइल फोन: अनुमानित कीमत ₹70,000।
जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹25,41,500 बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
विनीत कुमार भारती (29 वर्ष)
करन कनौजिया (23 वर्ष)
सुनील कुमार भारती (22 वर्ष)
सुखलेन्द्र कुमार नट (35 वर्ष)
राजेंद्र गुप्ता (42 वर्ष)
शिवशंकर बिन्द (26 वर्ष)
अनिल कुमार बिन्द (39 वर्ष)
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के लालापुर एवं घूरपुर थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना सिमगा में अपराध क्रमांक 466/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।










































