24 घंटे चैन माउंटेन मशीन से हो रहा उत्खनन, ग्रामीणों के विरोध के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले के खैरा-कटगी रेत घाट में कथित अवैध रेत उत्खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले माह से घाट में लगातार चैन माउंटेन मशीन के जरिए दिन-रात रेत का उत्खनन किया जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा लगातार विरोध और शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, महानदी और जोक नदी के अस्तित्व पर भी खतरा मंडराने की चिंता ग्रामीणों ने जताई है।

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, खैरा-कटगी रेत घाट में सुबह से लेकर देर रात तक चैन माउंटेन मशीन के जरिए रेत निकाली जा रही है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि घाट का संचालन मशीनों के बजाय मैन्युअल तरीके से किया जाए तो बड़ी संख्या में स्थानीय मजदूरों को रोजगार मिल सकता है। इसके साथ ही शासन को भी निर्धारित नियमों के अनुसार राजस्व प्राप्त हो सकता है।
ग्रामीणों का दावा है कि घाट शुरू होने के समय से ही उत्खनन के तरीके को लेकर विरोध किया जा रहा है। ग्रामीणों के बीच भी इस मुद्दे पर मतभेद बताए जा रहे हैं। कुछ लोग घाट संचालन के पक्ष में हैं, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण मशीनों से हो रहे उत्खनन का विरोध कर रहे हैं।
बिना रॉयल्टी परिवहन का भी आरोप
ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों का आरोप है कि घाट से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन रेत लेकर निकलते हैं, जिनमें से कई वाहन बिना रॉयल्टी के परिवहन कर रहे हैं। यदि इन आरोपों की पुष्टि होती है तो शासन को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और वास्तविक राजस्व हानि का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
शिकायतों के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं?
लगातार विरोध और शिकायतों के बाद भी कथित अवैध उत्खनन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। क्षेत्र में यह सवाल भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर खनिज विभाग इस मामले में कार्रवाई करने से क्यों बच रहा है? कुछ स्थानीय लोगों ने राजनीतिक संरक्षण और मिलीभगत की आशंका भी जताई है।
नए खनिज अधिकारियों पर टिकी ग्रामीणों की नजर
बीते दिनों जिला खनिज अधिकारी अवधेश बारिक और खनिज निरीक्षक भूपेंद्र भक्त के स्थानांतरण के बाद अब नए अधिकारियों से ग्रामीणों को उम्मीदें हैं। स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर टिकी हुई है कि नए अधिकारी जिले में हो रहे कथित अवैध रेत उत्खनन पर किस तरह अंकुश लगाते हैं।
अब सवाल यह है कि खैरा-कटगी रेत घाट में नियमों के विपरीत उत्खनन और बिना रॉयल्टी परिवहन के आरोपों की जांच कब होगी? क्या खनिज विभाग मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का जायजा लेगा या फिर ग्रामीणों की शिकायतें यूं ही अनसुनी होती रहेंगी? महानदी और जोक नदी को बचाने के लिए अब प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।










































