पीसीद में पूर्व लाइनमैन पर कृषि कनेक्शन से व्यावसायिक गतिविधि संचालित करने का आरोप, चार नए विद्युत पोल लगाए जाने पर भी उठे सवाल
हेमंत बघेल
कसडोल। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित कसडोल के अंतर्गत ग्राम पंचायत पीसीद में कृषि बिजली कनेक्शन पर पोल्ट्री फार्म संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कृषि कार्य के लिए जारी बिजली कनेक्शन का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों में किया जा रहा है। इस मामले ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, झबरू पटेल पिता भगाऊ राम पटेल, पीपी नंबर 722020544125 के नाम से कृषि बिजली कनेक्शन जारी है। आरोप है कि इसी कनेक्शन के माध्यम से बीते कई महीनों से पोल्ट्री फार्म का संचालन किया जा रहा है। जबकि पोल्ट्री फार्म जैसी व्यावसायिक गतिविधि के लिए नियमानुसार संबंधित श्रेणी का विद्युत कनेक्शन लेना आवश्यक होता है। ऐसे में विभाग के कर्मचारियों के बिना सांट-गांठ के कृषि कनेक्शन का उपयोग किस आधार पर पोल्ट्री फार्म में किया जा रहा है, यह जांच का विषय है।

पूर्व लाइनमैन पर ही कृषि कनेक्शन पर दुरूपयोग का आरोप
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि संबंधित झबरू पटेल वर्ष 2022-23 से पहले विद्युत विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। यानी जिस व्यक्ति को विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और नियमों की जानकारी रही है, उसी पर अब कृषि कनेक्शन का कथित दुरुपयोग कर पोल्ट्री फार्म संचालित करने का आरोप लग रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना विभागीय जानकारी या निगरानी के इस तरह लंबे समय तक व्यावसायिक गतिविधि संचालित होना संभव नहीं है। लोगों ने विभागीय कर्मचारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
चार नए विद्युत पोल लगाने पर भी उठे सवाल
मामला केवल कृषि कनेक्शन तक सीमित नहीं है। स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षतिग्रस्त हुए विद्युत पोलों के स्थान पर चार नए विद्युत पोल लगाए जाने को लेकर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि इन पोलों को एक व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लगाया गया है।

सूत्रों के अनुसार, चार विद्युत पोल लगाने के लिए निर्धारित राशि विभाग में जमा हुई है या नहीं, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं है। वहीं, विद्युत तारों के कनेक्शन और पोल लगाने की प्रक्रिया को लेकर भी स्थानीय लोगों ने संदेह जताया है। अब सवाल यह है कि आखिर किनके संरक्षण में इन चार पोलों को लगाने की अनुमति अधिकारी ने दी और इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया या नहीं?
आम उपभोक्ताओं पर कार्रवाई, यहां विभाग की चुप्पी क्यों?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई सामान्य उपभोक्ता समय पर बिजली बिल जमा नहीं करता तो विभाग द्वारा जुर्माना और अन्य कार्रवाई की जाती है। लेकिन कृषि कनेक्शन पर कथित रूप से व्यावसायिक गतिविधि संचालित होने के मामले में अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या संबंधित कनेक्शन की कभी जांच की गई? यदि जांच हुई तो विभागीय अधिकारियों ने क्या कार्रवाई की?
जेई अजय चौधरी ने जांच का दिया आश्वासन
इस संबंध में विद्युत विभाग के जेई अजय चौधरी से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि वे आज छुट्टी पर हैं। गुरुवार को कार्यालय आने के बाद पूरे मामले की जांच करेंगे।
अब देखना होगा कि विभागीय जांच में कृषि कनेक्शन के उपयोग, पोल्ट्री फार्म की बिजली खपत, चार नए विद्युत पोल लगाने की अनुमति, भुगतान और संबंधित अधिकारियों की भूमिका को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित उपभोक्ता और जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी? फिलहाल पूरे मामले में विद्युत विभाग की जांच का इंतजार है।










































