हेमंत बघेल
कसडोल। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत देवरीकला में जागरूकता रैली निकाली गई। कल्प समाज सेवी संस्था द्वारा जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन (JRC) एवं जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत 19 नवंबर 2026 को इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

रैली के माध्यम से गांव के गली-मोहल्लों में भ्रमण कर ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही लोगों से बाल विवाह रोकने और ग्राम पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच बालेश्वर वैष्णव ने कहा कि पंचायत में इस तरह की जागरूकता रैली आयोजित होने से बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं उपसरपंच अंजलि पैकरा ने भी संस्था के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए इस अभियान में सभी ग्रामीणों से सहयोग करने की अपील की।
इस जागरूकता रैली में स्व सहायता समूह की महिलाएं, मितानिन दीदियां, ग्राम पंचायत के पंचगण, कीर्तन पार्टी, स्थानीय नागरिकों एवं किशोर बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में लगभग 55 लोगों की उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन कल्प समाज सेवी संस्था के कोऑर्डिनेटर रूपसिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कल्प समाज सेवी संस्था के संचालक एवं परियोजना निदेशक अभिषेक यादव ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के सुरक्षित बचपन, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य में सबसे बड़ी बाधा है। जब तक गांव, परिवार, जनप्रतिनिधि और समाज एकजुट होकर आगे नहीं आएंगे, तब तक बाल विवाह मुक्त समाज का सपना पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने देवरीकला के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की जागरूकता और सहभागिता की सराहना की।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों ने बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने तथा अपने गांव को बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।










































