हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवक को मिलने के बहाने बुलाना और फिर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का जांजगीर-चांपा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में एक युवती सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने युवक से 60 हजार रुपये नगद और सोने की अंगूठी लूट ली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 30 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।

स्नैपचैट पर दोस्ती, मिलने के बहाने चांपा बुलाया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला रायगढ़ निवासी प्रार्थी मनीष वर्मा की स्नैपचैट के माध्यम से एक युवती से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इसी दौरान युवती लगातार युवक को मिलने के लिए चांपा बुला रही थी। 4 नवंबर 2026 को मनीष अपने एक दोस्त के साथ कार से चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर उसने अपने दोस्त को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़ दिया और उससे मिलने आगे चला गया।
चाकू दिखाकर की मारपीट और लूटपाट
इसी दौरान रात करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास छह युवक कार के पास पहुंचे और चाकू दिखाकर मनीष को बाहर निकाल लिया। आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों और बेल्ट से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद युवक से 60 हजार रुपये नगद और उसकी पहनी हुई सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए। पुलिस जांच में युवती की भी इस वारदात में आरोपियों के साथ मिलीभगत सामने आई।
महिला सहित छह आरोपी गिरफ्तार
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली जांजगीर में अपराध क्रमांक 917/2026 के तहत धारा 115(2), 308(2), 111(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन और CSP कोतवाली योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवती सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. अमित राठौर (21 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 12, जांजगीर।
2. रवि झलरिया (24 वर्ष), निवासी हसदेव विहार कॉलोनी, जांजगीर।
3. किशन कर्ष (21 वर्ष), निवासी ग्राम महुदा, थाना चांपा, हाल खडफड़ी पारा वार्ड क्रमांक 21, जांजगीर।
4. कुनाल पाण्डेय (20 वर्ष), निवासी लिंक रोड शंकर विहार कॉलोनी, जांजगीर, हाल भोजपुर मिशन हॉस्पिटल, थाना चांपा।
5. मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19 वर्ष), निवासी जोबी (जर्वे च), थाना जांजगीर।
6. एक युवती, निवासी जिला रायगढ़ क्षेत्र।
30 हजार नगद, मोबाइल और दो बाइक जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 30 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की आम नागरिकों से अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती और बातचीत करते समय सतर्क रहें। बिना पहचान की पुष्टि किए किसी अनजान व्यक्ति से मिलने न जाएं। विशेषकर सुनसान और एकांत स्थानों पर जाने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को सूचना दें।










































