हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम खोखरा में उधारी पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब सेवन के दौरान हुए विवाद में एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी घटना के बाद से फरार है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को मृतक के भाई कमल सूर्यवंशी निवासी सूर्या चौक खोखरा ने थाना सिटी कोतवाली जांजगीर में सूचना दी कि 17 नवंबर की रात करीब 10 बजे उसका भाई देवनारायण सूर्यवंशी, ग्राम खोखरा निवासी इतवारी सूर्यवंशी और उसके एक अन्य साथी के साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहा था। इसी दौरान उधारी पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने देवनारायण के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडेन यॉर्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे को मामले की जानकारी दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट तथा पुलिस डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही इतवारी सूर्यवंशी को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने उधारी पैसों के विवाद को लेकर मृतक के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कंक्रीट का पत्थर भी जब्त किया है। वहीं, मामले में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद और पैसों के लेनदेन के मामलों में कानून अपने हाथ में न लें तथा विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।










































