हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। बारनवापारा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रामपुर बीट क्रमांक 127 में एक दुर्लभ वन्यजीव काले हिरण (ब्लैकबक) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हिरण पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, बारनवापारा रेंज के रामपुर बीट क्रमांक 127 के जंगल क्षेत्र में एक काला हिरण विचरण कर रहा था। इसी दौरान उस पर किसी वन्यजीव अथवा आवारा कुत्तों द्वारा हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हमले में गंभीर रूप से घायल हिरण की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा वन विभाग का अमला
घटना की जानकारी मिलते ही बारनवापारा वन परिक्षेत्र अधिकारी रूपेश्वरी दीवान और बीट गार्ड रोशन निषाद अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वन अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। मृत हिरण का पशु चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा।
तेंदुआ या कुत्तों के हमले की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
इस संबंध में वन परिक्षेत्र अधिकारी रूपेश्वरी दीवान ने बताया कि काले हिरण की मौत तेंदुए (लेपर्ड) या कुत्तों के काटने से होने की आशंका है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इस घटना के बाद वन क्षेत्र के आसपास आवारा कुत्तों की बढ़ती आवाजाही और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर वन्यजीव प्रेमियों ने चिंता जताई है। अब देखना होगा कि वन विभाग जंगल में आवारा कुत्तों की आवाजाही रोकने और दुर्लभ वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाता है।










































