गोवर्धन यदु
तिल्दा-नेवरा। ठेठवार यादव समाज के तीन प्रमुख राज—बरतोरी राज, लवन राज एवं धनिया राज—की संयुक्त बैठक रविवार को ग्राम खैरा (जयरामनगर) में आयोजित की गई। बैठक में समाज के विभिन्न मुद्दों, संगठनात्मक मजबूती तथा सामाजिक विकास से जुड़े विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक दोपहर 2 बजे प्रारंभ हुई, जिसमें तीनों राजों के राज प्रमुख, अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, ठेंगहा सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं आम रैयत उपस्थित रहे। समाज के समक्ष आए विभिन्न आवेदनों और समस्याओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया तथा समाजहित में आवश्यक सुझाव प्रस्तुत किए गए।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, अनुशासन, आपसी सहयोग और मजबूत संगठन में निहित होती है। समाज के प्रत्येक सदस्य को अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। युवाओं ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, संगठनात्मक विकास एवं भविष्य की योजनाओं को लेकर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि समाज का उज्ज्वल भविष्य युवा पीढ़ी की सकारात्मक सोच, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सामाजिक सहभागिता पर निर्भर करता है। युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
बैठक में समाज की गौरवशाली परंपराओं, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया। साथ ही समाज के आर्थिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक उत्थान के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया। वरिष्ठजनों ने सामाजिक समरसता, भाईचारा और संगठनात्मक एकजुटता को समाज की प्रगति का आधार बताया।
इस अवसर पर उपस्थित समाजबंधुओं ने शिक्षा के स्तर को बढ़ाने, युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने, सामाजिक कुरीतियों को दूर करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने समाजहित में मिल-जुलकर कार्य करने तथा सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।




