हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले के लवन थाना क्षेत्र के ग्राम चितावर में 24 वर्षीय युवती की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लवन पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने हत्या के बाद फरार चल रहे आरोपी रामदयाल ध्रुव (26) को महासमुंद जिले के झलप-पटेवा क्षेत्र से हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम चितावर निवासी कु. सतरूपा ध्रुव (24) का शव 13 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:30 बजे समारीन बाई के घर के पीछे बाड़ी में कुएं के पास खून से लथपथ हालत में मिला था। युवती के गले पर धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या की गई थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद लवन पुलिस ने प्रार्थी पुनऊराम पटेल की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 268/2026 के तहत धारा 103(1) BNS में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुराने विवाद और जादू-टोना के शक में हत्या का आरोप
प्रारंभिक जांच और परिजनों से पूछताछ में पुलिस के सामने यह बात आई कि आरोपी रामदयाल ध्रुव का मृतका के साथ पुराना विवाद था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को युवती पर जादू-टोना करने का मनगढ़ंत संदेह भी था। इसी विवाद और संदेह के चलते हत्या किए जाने की आशंका सामने आई। घटना के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया था।
साइबर सेल के तकनीकी इनपुट से पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देश पर लवन पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी के संभावित भागने के मार्गों और तकनीकी इनपुट का विश्लेषण किया।
जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन महासमुंद जिले के सरहदी क्षेत्र में मिलने के बाद पुलिस टीम ने झलप-पटेवा क्षेत्र में सघन तलाश और घेराबंदी की। इसी कार्रवाई के दौरान आरोपी रामदयाल ध्रुव को हिरासत में लिया गया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी सहित अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिरासत में आरोपी:
रामदयाल ध्रुव पिता फूलसिंह ध्रुव, उम्र 26 वर्ष, निवासी नीम चौक, ग्राम चितावर, थाना लवन।










































