हेमंत बघेल
बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा स्थित कम्पोजिट शराब दुकान में देर रात 5-6 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने सबसे पहले दुकान के गार्ड को बंधक बनाया और विरोध करने पर उस पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने कैश लॉकर तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसमें सफल नहीं हो सके।
डकैत दुकान से करीब 25 हजार रुपये से अधिक की शराब लेकर फरार हो गए। जाते-जाते बदमाश दुकान में लगे मोबाइल फोन, स्कैनर, सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि घटना के सबूत मिटाए जा सकें।
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में आरोपियों की तलाश कर रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।










































