हेमंत बघेल
जांजगीर-चाम्पा। पामगढ़ थाना क्षेत्र में उधारी के महज ₹2,000 मांगने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक शिवा उर्फ भोलेशंकर टंडन की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अविनाश उर्फ मन्नू कुर्रे (26 वर्ष), निवासी पामगढ़ को रायपुर स्थित नशा मुक्ति केंद्र से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार घटना 29 अगस्त 2026 की दोपहर की है। उधारी की रकम मांगने की बात को लेकर आरोपी अविनाश उर्फ मन्नू और उसके साथियों ने रमेश टंडन उर्फ महेश तथा उनके पुत्र शिवा उर्फ भोलेशंकर के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के और लकड़ी के डंडे से मारपीट की। हमले में शिवा के सिर, पैर, पीठ और कमर में गंभीर चोटें आई थीं।

गंभीर हालत में घायल शिवा को उपचार के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 30 अगस्त 2026 को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद पामगढ़ पुलिस ने मर्ग डायरी प्राप्त कर उसे अपराध डायरी में शामिल किया और मामले में हत्या संबंधी धारा 103(1) बीएनएस सहित अन्य धाराएं जोड़ी गईं।
नशा मुक्ति केंद्र से आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा SDOP शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस को आरोपी के रायपुर स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना स्वीकार किए जाने के बाद 31 अगस्त 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी, सउनि कृष्ण कुमार कोशले, सरोज पाटले, आरक्षक बेदराम पटेल, शिवप्रसाद बघेल, वीरेंद्र सूर्यवंशी एवं महिला आरक्षक मोनिका जोगी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।










































