हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में उधार दिए गए 10 हजार रुपये वापस मांगना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। पैसे मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए टांगी से हमला कर दिया, जिससे पीड़ित का दाहिना कान कट गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खोंड निवासी रघुनंदन प्रसाद पाण्डेय ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिवाली से पहले उसने अपने परिचित शनि केंवट को मकान निर्माण के लिए 10 हजार रुपये उधार दिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी रकम वापस नहीं मिलने पर 8 जून की रात करीब 8 बजे उसने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे।
पैसे मांगने की बात पर आरोपी शनि केंवट भड़क गया और कथित रूप से कहा कि वह पैसे नहीं लौटाएगा। इसके बाद वह प्रार्थी के घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान उसने टांगी से हमला कर दिया, जिससे प्रार्थी का दाहिना कान कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की रिपोर्ट पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत धारा 118(2), 296, 351(3) एवं 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की।
पूछताछ के दौरान आरोपी शनि केंवट (45 वर्ष), निवासी ग्राम खोंड, थाना अकलतरा ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी बरामद कर जब्त कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, एएसआई सुरेंद्र कश्यप एवं प्रधान आरक्षक शरीफुद्दीन खान का सराहनीय योगदान रहा।




