गोवर्धन यदु
सिमगा/तिल्दा-नेवरा। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर स्थित सिमगा नगर में गाय के साथ दुष्कर्म किए जाने का कथित मामला सामने आने से लोगों में भारी आक्रोश है। शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सिमगा पुलिस ने मामले में आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल दाखिल किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त की रात शंकर नगर सिमगा में एक व्यक्ति द्वारा गाय के साथ दुष्कर्म किए जाने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। फुटेज के आधार पर मोहल्लेवासियों ने संदिग्ध व्यक्ति की पहचान वाहन चालक उर्फ संतोष निषाद के रूप में किए जाने की जानकारी पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गौ सेवकों और यादव समाज में नाराजगी देखी गई। नागरिकों की शिकायत पर थाना सिमगा पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी ने कथित रूप से नशे की हालत में इस अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया। हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष गगन तिवारी और पूर्व पार्षद कान्हा यदु ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने नगर में बढ़ते सूखे नशे और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग पुलिस प्रशासन से की है।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है और लोगों ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस से सख्त निगरानी एवं कार्रवाई की मांग की है।










































