हेमंत बघेल
दुर्ग। पी.डब्ल्यू.डी. रेस्ट हाउस सभागार, दुर्ग में रविवार को छत्तीसगढ़ सरपंच महासंघ की दुर्ग संभाग स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष कपिल देव नायक ने की।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी रघुवीर पिंटू सिन्हा, मीडिया प्रभारी ओमेश्वर यादव, दुर्ग संभाग के सभी जिलाध्यक्ष, विभिन्न विकासखंडों के सरपंच संघ अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान ग्राम पंचायतों के समग्र विकास, पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं, पंचायतों के अधिकारों के संरक्षण, शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पंचायतों को अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और सुझावों को साझा किया, जिन पर संगठन द्वारा आवश्यक पहल करने का निर्णय लिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष कपिल देव नायक ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरपंच महासंघ प्रदेशभर के सरपंचों की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संगठन पंचायत प्रतिनिधियों के हितों की रक्षा और ग्राम विकास से जुड़े हर मुद्दे को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाता रहेगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी रघुवीर पिंटू सिन्हा ने कहा कि संगठन की एकजुटता ही पंचायतों को सशक्त बनाने की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सरपंचों से संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। अंत में सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।




