हेमंत बघेल
भाटापारा। भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने सूने मकानों और कृषि फार्मों को निशाना बनाने वाले अंतर-जिला शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम मिरगी और खैरी आर में दो बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का शत-प्रतिशत सामान, 11 सुअर, 10 बोरी दाना तथा वारदात में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन (CG10 BK 1497) भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम मिरगी निवासी कैलाश यदु के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर ट्रैक्टर का नांगर, केजव्हील, दो झटका मशीन, बोर का कीमती केबल सहित करीब 60 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे। वहीं ग्राम खैरी आर स्थित चंद्रप्रकाश ध्रुव के पिग फार्म से 11 सुअर और 10 बोरी दाना भी चोरी कर लिया गया था।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी
संजय भारती (40), निवासी ग्राम अर्जुनी, थाना भाटापारा ग्रामीण।
रिंकू भारती (20), निवासी ग्राम अर्जुनी, थाना भाटापारा ग्रामीण।
विकास मरकाम (22), निवासी कुकुरबेड़ा, थाना यूनिवर्सिटी, रायपुर।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का पूरा सामान, ट्रैक्टर के पार्ट्स, 11 सुअर, 10 बोरी दाना और घटना में इस्तेमाल छोटा हाथी वाहन जब्त कर लिया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।




