हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले के ग्राम रवान स्थित अंबुजा प्लांट में चोरी की नीयत से घुसे एक युवक ने रोकने पर ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड पर लोहे के एंगल से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में गार्ड घायल हो गया, जबकि साथी गार्ड के समय रहते बीच-बचाव करने से बड़ा हादसा टल गया। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी गौतम तिवारी (28 वर्ष) 4 अगस्त को अंबुजा प्लांट में अपने साथी आहूजा साहू के साथ ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान पिंकेश देवार चोरी की नीयत से प्लांट परिसर में घुस गया। रोकने पर उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पास में पड़े लोहे के एंगल से गार्ड के सिर पर वार कर दिया। बचाव के दौरान गार्ड के हाथ में चोट आई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का एंगल भी बरामद कर लिया है।
इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 662/2026 के तहत धारा 296 एवं 109(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।










































