हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 21 नाबालिग वाहन चालकों को वाहन चलाते हुए पकड़ा। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल ₹25,000 का समन शुल्क वसूला गया। साथ ही उनके अभिभावकों को कड़ी समझाइश दी गई कि वे नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जांजगीर, बलौदा और अकलतरा क्षेत्र के स्कूलों के आसपास तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान:
अकलतरा पुलिस ने 7 नाबालिग वाहन चालक पकड़े।
बलौदा पुलिस ने 10 नाबालिग वाहन चालक पकड़े।
यातायात पुलिस ने 4 नाबालिग वाहन चालकों पर कार्रवाई की।
एएसपी (यातायात) उदयन बेहार ने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में आगे भी लगातार विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस की अपील
नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन न चलाएं।
निर्धारित गति सीमा और सभी यातायात नियमों का पालन करें।
बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाएं।
इस अभियान में यातायात पुलिस के साथ थाना प्रभारी जयकुमार साहू (अकलतरा) और मनोहर सिन्हा (बलौदा) सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































