हेमंत बघेल
भाटापारा। भाटापारा शहर में 80 वर्षीय असहाय वृद्ध महिला से झपटमारी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि वारदात का मास्टरमाइंड वृद्धा का सगा भतीजा ही निकला, जिसने अपनी प्रेमिका और दो साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी।

पुलिस के अनुसार, नयापारा वार्ड निवासी 80 वर्षीय हीराबाई ध्रुव ने थाना भाटापारा शहर में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक और एक महिला मोटरसाइकिल से आए और खुद को अस्पताल में भर्ती उनके रिश्तेदार का पड़ोसी बताकर विश्वास में लिया। दोनों ने उन्हें अस्पताल ले जाने का झांसा दिया और मोटरसाइकिल पर बैठाकर बोडतरा रोड की ओर ले गए। सुनसान स्थान पर पहुंचकर आरोपियों ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में भाटापारा शहर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर संदेही की पहचान गोलू उर्फ अजय ध्रुव के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पूरे षड्यंत्र का खुलासा हो गया।

जांच में सामने आया कि वृद्धा के सगे भतीजे टेकूराम ध्रुव ने अपनी प्रेमिका सरिता निषाद, साथी सागर मरकाम और अजय उर्फ गोलू ध्रुव के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 9.980 ग्राम सोने के जेवरात, जिनकी कीमत लगभग 1.05 लाख रुपये बताई गई है, बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG04 ML 4105) और वारदात में इस्तेमाल किया गया स्कार्फ भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। इस पूरे मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सीसीटीवी सर्विलांस की अहम भूमिका रही, जिसके चलते वारदात का जल्द खुलासा हो सका।




