हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सबमर्सिबल पंपों के केबल वायर चोरी कर दहशत फैलाने वाले एक शातिर “सीरियल केबल चोर” को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अकेले ही अलग-अलग स्थानों पर तीन बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 250 फीट पीवीसी केबल वायर और लगभग 1.5 किलोग्राम तांबे का तार बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली। लगातार हो रही केबल चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति कबाड़ी दुकान के पास चोरी का तांबा और केबल बेचने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी हेमु कुमार सेन (33 वर्ष), निवासी गार्डन चौक, बलौदाबाजार को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने शहर और ग्राम करमदा में हुई तीन अलग-अलग चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों और झोपड़ीनुमा मकान के पास छिपाकर रखा गया करीब 250 फीट पीवीसी केबल वायर तथा 1.5 किलोग्राम तांबे का तार बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहली चोरी जून माह में वार्ड क्रमांक 17 के पाड़ेपारा स्कूल, लोहिया नगर और रिसदा रोड स्थित सबमर्सिबल पंपों से लगभग 100 फीट केबल वायर चोरी किया था। दूसरी घटना जुलाई में वार्ड क्रमांक 20 के बंगला क्षेत्र और परसाभांठा दामोदर बाड़ा के पास हुई, जहां करीब 200 फीट केबल वायर चोरी किया गया। तीसरी वारदात ग्राम करमदा के महामाया चौक, बांधा पारा और अन्य व्यावसायिक परिसरों में लगे सबमर्सिबल पंपों से केबल वायर चोरी की थी।
पुलिस ने आरोपी को तीनों मामलों में गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक देवेन्द्र देवांगन, महिला प्रधान आरक्षक अन्नपूर्णा बंजारे तथा प्रधान आरक्षक कमल कैवर्त्य की भूमिका सराहनीय रही।




