हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। पुरानी बस्ती बलौदाबाजार में चाय दुकान पर पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज और मारपीट के बाद चाकू से हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और स्कूटी भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पुरानी बात को लेकर आरोपी राजीव वर्मा उर्फ बड्डे ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने अपनी स्कूटी की डिक्की से धारदार चाकू निकालकर प्रार्थी पर हमला कर दिया। इस हमले में प्रार्थी के बाएं हाथ की कोहनी के पास चोट आई।

शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 684/2026 दर्ज कर धारा 296, 115(2), 351(2), 318(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और स्कूटी क्रमांक CG 04 SU 2423 को विधिवत जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी राजीव वर्मा उर्फ बड्डे, पिता कमल नारायण वर्मा, उम्र 19 वर्ष, निवासी नयापारा दुर्गा चौक, बलौदाबाजार को 24 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय के निर्देशन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा हिंसा, गुंडागर्दी और धारदार हथियारों से अपराध करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।










































