हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। शहर के प्रसिद्ध महामाया मंदिर में मूर्ति से सोने के आभूषण चोरी करने के मामले का सिटी कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए छह सोने के आभूषण (लाकेट/पत्ती) और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 19 निवासी रोहित कुमार साहू ने 26 जुलाई को सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 जुलाई की सुबह 9:30 से 10:30 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने महामाया मंदिर में स्थापित देवी की प्रतिमा से 5 पत्ती वाला मंगलसूत्र और 1 पत्ती वाला सोने का लॉकेट चोरी कर लिया।

शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 626/2026 के तहत धारा 331(3) एवं 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में पुलिस टीम ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया, जिसमें आरोपी की पहचान अमन कुमार यादव (22 वर्ष), निवासी ग्राम सिंधोरा, थाना पलारी के रूप में हुई।
पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो पता चला कि वह ग्राम गबौद में अपने रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसके मेमोरेंडम के आधार पर चोरी किए गए 6 सोने के आभूषण तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी को 27 जुलाई को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और अपराधों के त्वरित निराकरण के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।




