हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा ।जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में नकली नोट चलाने की कोशिश करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी देशी शराब दुकान में ₹500 के नकली नोट देकर शराब खरीदने पहुंचा था, लेकिन सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को देशी मदिरा दुकान, अकलतरा से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ₹500 के नकली नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना अकलतरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे (30 वर्ष) निवासी दोमुहानी, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से ₹500 के चार संदिग्ध नोट बरामद किए गए।
बरामद नोटों की जांच स्टेट बैंक, अकलतरा में कराई गई, जहां सभी नोट नकली पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि चारों नोटों का सीरियल नंबर एक ही था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ये नकली नोट रायपुर से लेकर आया था और उन्हें शराब दुकान में चलाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 180 बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 423/2026 दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक कमलदास बैनर्जी, प्रधान आरक्षक शरीफ खान, आरक्षक वाल्मीकि राठौर एवं आरक्षक महेंद्र राज की सराहनीय भूमिका रही।




