हेमंत बघेल
तिल्दा-नेवरा। NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ के विरोध में नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन को समर्थन देने के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस सेवा दल का 142 सदस्यीय दल दिल्ली पहुंचा। दल ने आंदोलनकारी छात्रों के लिए भोजन, पानी और स्वच्छता व्यवस्था में सक्रिय सहयोग प्रदान करते हुए अपनी सेवाएं दीं।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनहरण लाल वर्मा ने बताया कि कांग्रेस सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी. वी. के निर्देश एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष अरुण ताम्रकार के नेतृत्व में यह दल जंतर-मंतर पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पर मौजूद छात्रों की आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग किया तथा रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रमों में भी सेवा कार्य किए।

सेवादल पदाधिकारियों ने कहा कि छात्रों के साथ अन्याय किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी और सेवा दल छात्रों के भविष्य की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में छात्रों की आवाज को मजबूती देने का प्रयास है।
आंदोलन के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस सेवा दल का 142 सदस्यीय दल वापस रायपुर लौट आया।




