हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले में चावल खरीदी-बिक्री के नाम पर 1 लाख 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले शातिर आरोपी को कोतवाली पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई में बिहार से गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बांके बिहारी अग्रवाल (प्रोपराइटर – सुलोचना फूड, जांजगीर) ने 12 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि चावल ब्रोकर अंजनी अग्रवाल के माध्यम से आरोपी ओम प्रकाश शर्मा से मोबाइल पर 900 क्विंटल चावल का सौदा 2980 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से तय हुआ था।
आरोपी ने ट्रक भाड़ा और अन्य खर्च के नाम पर अलग-अलग किस्तों में फोन-पे और बैंक खाते के माध्यम से कुल 1,70,000 रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपी ने फर्जी बिल भेजकर चावल की सप्लाई नहीं की और अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया।
मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पॉल के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में साइबर तकनीक की मदद से आरोपी का लोकेशन बिहार के अररिया जिले में मिला।
इसके बाद सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में पुलिस और साइबर टीम को बिहार रवाना किया गया, जहां मालद्वार, जिला अररिया से आरोपी ओम प्रकाश शर्मा को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चावल ट्रेडिंग के नाम पर धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, बैंक खाता और संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार पांडेय, साइबर थाना के निरीक्षक सागर पाठक, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा एवं आरक्षक माखन साहू की विशेष भूमिका रही।




