हेमंत बघेल
कसडोल। थाना क्षेत्र में एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जहां शासकीय नौकरी लगाने का झांसा देकर एक युवती के साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 अप्रैल 2026 को पीड़िता ने थाना कसडोल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल में वाहन चालक के पद पर कार्यरत आरोपी सुरेंद्र टंडन ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया और इसी बहाने उसके साथ दुष्कर्म किया।
प्रार्थिया की शिकायत पर थाना कसडोल में अपराध क्रमांक 169/2026 धारा 64(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी सुरेंद्र टंडन (उम्र 36 वर्ष), निवासी ग्राम भिनोदा थाना सरसीवां जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल परिसर में रह रहा था, ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को दिनांक 13 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा बताया गया कि महिला संबंधी अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।




